मुंडका अग्निकांड : 24 महिलाओं सहित 29 लोग लापता
अब तक 27 लोगों की मौत हो चुकी है,दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने घटनास्थल का दौरा किया, मृतकों के परिजनों के लिए10-10 लाख के मुआवज़े की घोषणा

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के मुंडका में एक व्यावसायिक इमारत में आग लगने की घटना के बाद व्याकुल परिजन अपने प्रियजनों की तलाश में शुक्रवार की रात से कभी अस्पताल तो कभी थाने और कभी घटनास्थल के चक्कर काट रहे हैं। दैनिक हिंदुस्तान की खबर के अनुसार इस घटना में अब तक 27 लोगों की मौत हो चुकी है। बताया जा रहा है कि रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी टीमों को अंदर कुछ लोगों के अवशेष मिले हैं। इससे माना जा रहा है कि मृतकों की संख्या बढ़कर 30 तक पहुंच सकती है। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन को बंद कर दिया गया है।
#मुंडका #अग्निकांड के बाद से लापता लोगों की सूची। pic.twitter.com/nbTPmKq8Tw
— Gajender singh (@Gajenderdelhi) May 14, 2022
इस हादसे के बाद पुलिस को अब तक 29 लोगों की मिसिंग कम्पलेंट मिली है, जिनमें 24 महिलाएं और 5 पुरुष शामिल हैं। मृतकों की शिनाख्त के लिए पुलिस ने उनकी डीएनए जांच कराए जाने का निर्णय लिया है। दिल्ली स्थित FSL की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। संजीव गुप्ता की अगुवाई में फॉरेंसिक टीम मौके की फॉरेंसिक जांच करेगी। अपने प्रियजनों की तलाश में जुटे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्हें कहीं से कोई खबर नहीं मिल रही है। वह पुलिस और प्रशासन से अपनों को जल्द से जल्द खोजने की गुहार लगा रहे हैं।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली सरकार की ओर से मुंडका अग्निकांड के मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। इसके साथ ही सरकार ने मुंडका में हुए इस भीषण अग्निकांड की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो भी दोषी पाया जाएगा उसे कतई बख्शा नहीं जाएगा।
दिल्ली के मुंडका में हुए भीषण अग्निकांड के अगले दिन यानी शनिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने घटनास्थल का दौरा किया है।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से स्थिति का जायज़ा लिया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि इस घटना के लिए एक हेल्प डेस्क भी बनाया गया है ताकि जिनके परिवार के लोग लापता हैं, उनके बारे में जानकारी मिल सके। इसके अलावा परिजनों से संपर्क भी किया जा रहा है। अरविंद केजरीवाल ने बताया कि इस घटना के लिए मैजिस्ट्रेट स्तर की जांच के आदेश दिये गए हैं। सीएम ने इस हादसे में मारे गए लोगो के लिए दस-दस लाख रुपये के मुआवज़े की घोषणा भी की। वहीं घायलों को 50-50 हज़ार रुपये बतौर मुआवज़ा दिया जाएगा। अरविंद केजरीवाल ने भरोसा जताया कि जांच के नतीजे आने के बाद ठोस कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले देर रात भी सीएम ने ट्वीट करके घटना पर शोक जताया था। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, "इस दुखद घटना के बारे में जानकर हतप्रभ और दुखी हूं। मैं सीनियर अधिकारियों के लगातार संपर्क में हूं। हमारे बहादुर दमकल कर्मचारी आग पर क़ाबू पाने और लोगों की जान बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। भगवान सब का भला करें।"
वेबसाइट पर advertisement के लिए काॅन्टेक्ट फाॅर्म भरें
अन्य वीडियो