तीन लोकसभा और सात विधानसभा सीटों के उपचुनाव सम्पन्न
उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में केवल 43 प्रतिशत मतदान की खबर

नयी दिल्ली: लोकसभा की तीन और विधानसभा की सात सीटों के लिए उपचुनाव में मतदान कुल मिलाकर शांतिपूर्ण रहा। इस दौरान त्रिपुरा में सबसे अधिक 76.62 प्रतिशत मतदान हुआ। पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में मतदान 45 प्रतिशत से कम रहा जबकि झारखंड में यह 56 और आंध्र प्रदेश में 67 प्रतिशत रहा। हालांकि अंतिम आंकड़ों में बदलाव होने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में 43 प्रतिशत मतदान हुआ। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर मतदान को बाधित करने के लिए सत्ता का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग को घटनाक्रम के बारे में अवगत कराया गया लेकिन चुनाव मशीनरी मूकदर्शक बनी रही। त्रिपुरा की चार विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव में 76.62 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यह जानकारी मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) किरण गिट्टे ने दी। इस बीच खबर है कि त्रिपुरा में एक पुलिसकर्मी को चाकू मारने की घटना को छोड़कर, बृहस्पतिवार को होने वाला मतदान शांतिपूर्ण रहा। खबरों के अनुसार अगरतला निर्वाचन क्षेत्र के कुंजाबन इलाके में ‘ऑफ-ड्यूटी’ पुलिसकर्मी समीर साहा को चाकू मारने सहित कुछ छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान प्रक्रिया काफी हद तक शांतिपूर्ण रही। उन्होंने कहा कि साहा का फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है। विपक्षी कांग्रेस ने बड़े पैमाने पर धांधली किये जाने का आरोप लगाते हुए अगरतला निर्वाचन क्षेत्र के चार बूथ पर पुनर्मतदान की मांग की, जबकि तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि उपचुनाव के नाम पर ‘लोकतंत्र की हत्या की गई। ’
इधर दिल्ली की राजेंद्र नगर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में 43 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस सीट पर हुए उपचुनाव को मोटे तौर पर आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच लड़ाई के रूप में देखा जा रहा है। आंध्र प्रदेश में आत्माकुरु विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में करीब 67 फीसदी ने मताधिकार का इस्तेमाल किया। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मुकेश कुमार मीना ने कहा, ‘कुछ मामूली घटनाओं को छोड़कर मतदान के दौरान हिंसा की कोई घटना नहीं हुई, कोई गंभीर शिकायत नहीं आयी और कोई खलल नहीं पड़ा।’ झारखंड में रांची जिले के मांडर विधानसभा क्षेत्र के लिए हुए उपचुनाव में 56.03 फीसदी मतदान होने की खबर थी।
झारखंड के रांची जिले की मंदार विधानसभा सीट पर 3 बजे तक 56.03% वोट डाले गए हैं। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ और यह शाम चार बजे तक चलेगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के रवि कुमार ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है और अब तक किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा, "हम स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। संवेदनशील बूथों पर वेबकास्टिंग की सुविधा के अलावा सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। 433 मतदान केंद्रों पर मतदान हो रहा है, जिसमें 141 मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील, 218 को संवेदनशील और 55 को संवेदनशील घोषित किया गया है। वहीं आंध्र प्रदेश की आत्माकुरु विधानसभा सीट पर 3 बजे तक 54.66% मतदान हुए हैं।
वेबसाइट पर advertisement के लिए काॅन्टेक्ट फाॅर्म भरें
अन्य वीडियो