उत्तराखंड के हल्द्वानी में 16 वर्षीय नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन ने कार्रवाई की है। पीड़िता के परिवार की शिकायत पर मुखानी थाने में FIR दर्ज की गई। पुलिस ने मामले में धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गौनी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ POCSO एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के परिवार ने शिकायत में आरोप लगाया कि उसे बहला-फुसलाकर मुखानी क्षेत्र के त्रिशूल होमस्टे ले जाया गया, जहां उसके साथ यौन उत्पीड़न किया गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। प्रशासन ने भी होमस्टे पर छापा मारकर उसे सील कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, वहां ठहरने वालों के पहचान पत्र और उम्र का अनिवार्य सत्यापन नहीं किया गया था।
मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। मुख्य आरोपी धीरज बिष्ट ने MBPG कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव में ABVP के प्रत्याशी के तौर पर अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा था। विवाद बढ़ने के बाद ABVP ने स्पष्ट किया कि बिष्ट संगठन में किसी सक्रिय पद पर नहीं है। संगठन के सदस्यों ने हल्द्वानी और देहरादून में प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और छात्र संगठनों में आक्रोश है। विपक्षी दलों ने भी राज्य में महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर सरकार से जवाब मांगा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है।
