नई दिल्ली: दुनिया तेजी से बदल रही है, और इन बदलावों के साथ नए-नए अवसर भी सामने आ रहे हैं। ऐसे में परंपरागत निवेश विकल्पों को छोड़कर उन क्षेत्रों में निवेश करना समझदारी होगी, जो आने वाले समय में उभर सकते हैं। क्या आप जानते हैं कि आने वाले समय में कौन से सेक्टर आपकी जेब को भर सकते हैं? डेनमार्क की वेबसाइट Dagens.com ने हाल ही में एक रिपोर्ट जारी की है, जिसमें इन उभरते हुए सेक्टरों पर प्रकाश डाला गया है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि जैसे-जैसे आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) तकनीक विकसित हो रही है, यह आने वाले वर्षों में एक महत्वपूर्ण निवेश विकल्प के रूप में उभर रही है। हालांकि, AI उन कई क्षेत्रों में से एक है जिनका जिक्र कैपिटल ग्रुप के विश्लेषकों ने “2024 प्राइवेट पेंशन बैरोमीटर” रिपोर्ट में किया है। कोलंबिया थ्रेडनीडल और कैपिटल ग्रुप द्वारा तैयार की गई इस रिपोर्ट में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, हेल्थकेयर सर्विसेज, ग्लोबल ट्रेड में बदलाव और कृषि में उन्नति को भविष्य के महत्वपूर्ण निवेश विकल्पों के रूप में शामिल किया गया है।
आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस का जादू
आपने चैटजीपीटी जैसे चैटबॉट्स के बारे में सुना ही होगा। ये सभी आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) की ही देन हैं। लेकिन AI की कहानी यहीं खत्म नहीं होती। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में AI हर क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाएगी। चाहे मैन्युफैक्चरिंग हो या हेल्थकेयर, AI हर जगह अपनी छाप छोड़ेगी। उदाहरण के लिए, अमेज़न जैसी बड़ी कंपनियां AI से संचालित रोबोट बना रही हैं, जो काम को बहुत तेजी से और आसानी से कर सकते हैं। हालांकि, इस तकनीक के चलते नौकरियों पर भी बड़ा संकट आ सकता है।
भारत में AI पर काम कर रही प्रमुख कंपनियों में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), इंफोसिस (Infosys), एचसीएल टेक्नोलॉजीज (HCL Technologies), टेक महिंद्रा (Tech Mahindra), और टाटा एलेक्सी (Tata Elxsi) शामिल हैं। इसके अलावा भी कई अन्य टेक कंपनियां इस क्षेत्र में तेजी से काम कर रही हैं।
हेल्थकेयर सर्विसेज में नई संभावनाएं
हेल्थकेयर सर्विसेज का क्षेत्र भी तेजी से विकसित हो रहा है। नई तकनीकों में सेल थेरेपी शामिल है, जिसमें शरीर के बाहर कोशिकाओं को बदला जाता है और फिर उन्हें बीमारी के इलाज के लिए शरीर में वापस डाला जाता है। इसके अलावा, जीन-साइलेंसिंग जैसी तकनीकों पर भी काफी काम हो रहा है, जिससे कैंसर और डायबिटीज जैसी बीमारियों का इलाज आसान हो सकता है। बड़ी दवा कंपनियां इन क्षेत्रों में भारी निवेश कर रही हैं। ऐसे में, इन कंपनियों में निवेश करना लंबे समय के लिए फायदेमंद हो सकता है।
