नई दिल्ली. दिल्ली के कथित शराब घोटाला मामले में 17 महीने जेल में रहने के बाद मनीष सिसोदिया को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली है। जेल से बाहर आते ही, दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने आम आदमी पार्टी (AAP) की गतिविधियों में फिर से सक्रिय भूमिका निभानी शुरू कर दी है। अगले साल होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए, सिसोदिया ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने के लिए पदयात्राएं शुरू कर दी हैं।
शनिवार को, सिसोदिया अपने विधानसभा क्षेत्र पटपड़गंज पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद किया। उन्होंने अपने संबोधन में दावा किया कि उन्हें दिल्ली विधानसभा चुनाव तक जेल में रखने की साजिश रची गई थी, लेकिन भगवान हनुमान के आशीर्वाद से यह साजिश विफल हो गई। सिसोदिया के इस बयान के बाद उनके समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई है, और वे आगामी चुनावों के लिए तैयारियों में जुट गए हैं।
