विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हाल की मॉब लिंचिंग घटनाओं पर केंद्र सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने लिखा कि “नफरत को राजनीतिक हथियार बनाकर सत्ता हासिल करने वाले पूरे देश में भय और आतंक का माहौल बना रहे हैं।”
“उपद्रवियों को मिल रही है खुली छूट”
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में कहा कि “भीड़ का रूप धारण कर कानून का मखौल उड़ाने वाले नफरती तत्व खुलेआम हिंसा फैला रहे हैं। बीजेपी सरकार से इन्हें खुली छूट मिली हुई है, जिससे उनका दुस्साहस बढ़ता जा रहा है।”
“अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमले”
राहुल गांधी ने आगे लिखा, “अल्पसंख्यकों, विशेषकर मुसलमानों पर लगातार हो रहे हमलों के सामने सरकारी तंत्र मूकदर्शक बना हुआ है। ऐसे अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि कानून का राज कायम रहे। भारत की सांप्रदायिक एकता और नागरिकों के अधिकारों पर कोई भी हमला संविधान पर हमला है, जिसे हम बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे। बीजेपी चाहे जितनी भी कोशिश कर ले, नफरत के खिलाफ भारत जोड़ने की इस ऐतिहासिक लड़ाई में हम हर हाल में जीत हासिल करेंगे।”
क्या थी घटनाएं
ज्ञात हो कि 27 अगस्त को हरियाणा के चरखी दादरी में गोमांस पकाने के संदेह में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में 7 लोगों को हिरासत में लिया था। वहीं, महाराष्ट्र में एक एक्सप्रेस ट्रेन में बुजुर्ग व्यक्ति को यात्रियों ने पीटा। बुजुर्ग पर गोमांस ले जाने का शक था, जिसके चलते उसकी पिटाई की गई। इस हमले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
