पटना: बिहार की राजधानी पटना में सोमवार सुबह बेखौफ अपराधियों ने बीजेपी नेता श्याम सुंदर उर्फ मुन्ना शर्मा की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना पटना सिटी के व्यस्त मंगल तालाब इलाके में हुई, जब श्याम सुंदर अपने घर से निकलकर ऑटो पकड़ने की कोशिश कर रहे थे। बताया जा रहा है कि वो रामदेव महतो सामुदायिक भवन के पास पहुंचे थे, जहां घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया।
जानकारी के अनुसार, श्याम सुंदर जब ऑटो के इंतजार में खड़े थे, तभी अचानक कुछ अज्ञात अपराधियों ने उनके पास आकर उनकी सोने की चेन छीनने की कोशिश की। इस पर श्याम सुंदर ने साहस दिखाते हुए अपराधियों का विरोध किया, जिसके बाद बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही श्याम सुंदर जमीन पर गिर पड़े, और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस इलाके में पहले भी कई बार छिनैती और लूट की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इस बार अपराधियों ने दिनदहाड़े हत्या कर इलाके में दहशत फैला दी है। घटना के बाद स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस अब इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है और अपराधियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
बीजेपी नेता की हत्या से पूरे इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है। पार्टी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए घटना की कड़ी निंदा की है और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पटना पुलिस के उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इस घटना की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
श्याम सुंदर उर्फ मुन्ना शर्मा पटना के जाने-माने बीजेपी नेता थे और स्थानीय स्तर पर उनकी अच्छी पकड़ थी। उनकी हत्या से राजनीतिक हलकों में भी हलचल मच गई है।
