दिल्ली की जामा मस्जिद पुलिस चौकी में सोमवार को एक पारिवारिक विवाद ने ऐसा खतरनाक मोड़ लिया कि कुछ ही घंटों में नौ पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, 30 वर्षीय नबील ने पहले थाने के भीतर हमला किया और फिर फरार होकर चितली क़बर इलाके में पुलिस टीम को निशाना बनाया।
घटना की शुरुआत तब हुई, जब नबील की मां और बहन उसके व्यवहार और पैसों को लेकर होने वाले झगड़ों की शिकायत दर्ज कराने जामा मस्जिद थाने पहुंचीं। पुलिस ने नबील को बातचीत के लिए बुलाया। दोपहर करीब 2:30 बजे वह थाने पहुंचा और कथित तौर पर सब-इंस्पेक्टर अजय पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए चार अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। इसके बाद वह मौके से भाग निकला।
पुलिस के अनुसार, फरार होने के दौरान नबील ने एक व्यक्ति से स्कूटर छीना और चितली क़बर की ओर चला गया। करीब 4:30 बजे पुलिस टीम ने उसे घेरने की कोशिश की, लेकिन उसने फिर चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान स्पेशल स्टाफ के चार जवान घायल हुए। पुलिस ने उसे रोकने के लिए आठ राउंड फायर किए, जिनमें छह गोलियां उसके पैरों में लगीं। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया गया।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सभी नौ घायल पुलिसकर्मी खतरे से बाहर हैं। सर्जरी के बाद नबील की हालत भी स्थिर बताई गई है। मामले में थाने के भीतर हमले, स्कूटर छीनने और पुलिस टीम पर हमले को लेकर तीन अलग-अलग केस दर्ज किए गए हैं।
फिलहाल हमले की असली वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस संभावित गैंग कनेक्शन, बाहरी उकसावे और नशीले पदार्थों के इस्तेमाल समेत कई पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों ने साफ किया है कि अब तक कोई आतंकी एंगल सामने नहीं आया है। नबील से पूछताछ के बाद ही जांच की दिशा और स्पष्ट हो सकेगी।
