इजरायल और लेबनान के बीच युद्ध तेज़ी से बढ़ता जा रहा है। इजरायली हमले से उत्तेजित होकर लेबनान ने उत्तरी इजरायल की ओर कम से कम 150 रॉकेट दागे हैं। हालांकि, इजरायल के आयरन डोम ने उत्तरी इजरायल में इन रॉकेटों को रोकने का प्रयास किया। अब इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हिजबुल्लाह को सबक सिखाने के लिए सुरक्षा कैबिनेट की बैठक बुलाई है। इजरायली मीडिया के अनुसार, लेबनान ने उत्तरी इजरायल की ओर कम से कम 150 रॉकेट दागे हैं, जबकि लेबनानी मीडिया ने बताया कि मिसाइलें और ड्रोन पश्चिमी गैलील की ओर बढ़ रहे हैं। आयरन डोम ने उत्तरी इजरायल में कई लेबनानी रॉकेटों को रोकने की कोशिश की है।
हिजबुल्लाह ने 320 से अधिक रॉकेट दागे इजरायल पर हुए हमलों को लेकर हिजबुल्लाह की ओर से भी बयान आया है। हिजबुल्लाह का कहना है कि उसने इजरायल पर 320 से अधिक रॉकेट दागे हैं। हालांकि, इजरायल ने अभी तक 150 रॉकेट की पुष्टि की है।
लेबनान को दिया जा रहा जवाब हिजबुल्लाह से उत्पन्न खतरे को देखते हुए इजरायली सेना ने रविवार को लेबनान में अग्रिम हमले करने की घोषणा की। इजरायल ने कहा कि हिजबुल्लाह के हमलों की तैयारी का पता चलने के बाद ये हमले किए गए। इजरायली रक्षा बलों (आईडीएफ) ने हिजबुल्लाह आतंकवादी संगठन की पहचान की है, जो इजरायली क्षेत्र की ओर मिसाइल और रॉकेट दागने की तैयारी कर रहा है। आईडीएफ ने एक बयान में कहा कि इन खतरों के जवाब में वे लेबनान में आतंकी ठिकानों पर हमला कर रहे हैं। इजरायली मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, तेल अवीव में बेन गुरियन हवाई अड्डे से आने-जाने वाली उड़ानों को निलंबित कर दिया गया है। आईडीएफ ने कहा कि हिजबुल्लाह ने लेबनान से इजरायली क्षेत्र की ओर 150 से अधिक गोले दागे हैं, जिन्हें रोकने का प्रयास किया गया है।
‘लेबनान पर करेंगे हमला, जो इजरायल के लिए खतरा’ अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन इजरायल और लेबनान में हो रही घटनाओं पर बारीकी से नजर रख रहे हैं। व्हाइट हाउस ने बयान में कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों को इजरायली समकक्षों के साथ लगातार संवाद करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, हिजबुल्लाह के ठिकानों पर इजरायली हमलों से पहले अमेरिका को जानकारी दी गई थी। इजरायली रक्षा बल के प्रवक्ता डैनियल ने कहा कि हम लेबनान में हर उस जगह पर हमला करेंगे, जो इजरायल के लिए खतरा है। आईडीएफ ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “हिजबुल्लाह ने लेबनान से इजरायली क्षेत्र की ओर 150 से अधिक गोले दागे हैं। हम आतंकवादी बुनियादी ढांचे को निशाना बनाते हैं, जबकि वे नागरिकों को निशाना बनाते हैं।”
