मुंबई: कंगना रनौत की फिल्म ‘इमरजेंसी’ रिलीज से पहले ही विवादों में फंस गई है। इस फिल्म में कंगना प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का किरदार निभा रही हैं। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया, जिसके बाद पंजाब के फरीदकोट से सांसद सरबजीत सिंह खालसा ने ट्रेलर में दिखाए गए कुछ दृश्यों पर आपत्ति जताई है। उनका दावा है कि फिल्म में सिखों को गलत तरीके से पेश किया गया है। उन्होंने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर फिल्म की रिलीज रोकने की मांग की है। इस फिल्म का विरोध शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी (SGPC) ने भी किया है।
‘इमरजेंसी’ 6 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। बता दें, सरबजीत सिंह खालसा बेअंत सिंह के बेटे हैं, जो उन दो बॉडीगार्ड्स में से एक थे जिन्होंने 31 अक्टूबर 1984 को ऑपरेशन ब्लू स्टार के कारण तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की गोली मारकर हत्या की थी। सरबजीत सिंह खालसा ने फिल्म के कुछ हिस्सों पर कड़ी आपत्ति जताई है।
सरबजीत सिंह खालसा ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि फिल्म में संत जरनैल सिंह खालसा भिंडरावाला को खालिस्तान की मांग करते हुए दिखाया गया है, जो गलत है। उन्होंने कहा कि संत भिंडरावाला ने कभी भी खालिस्तान की मांग नहीं की थी। फिलहाल, इसी मुद्दे को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
