कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के थानिसंद्रा मेन रोड स्थित एक मल्टी-ब्रांड कार सर्विसिंग गैराज में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई।
सुबह करीब 4 बजे भड़की आग ने कुछ ही देर में पूरे गैराज को अपनी चपेट में ले लिया, जिसमें सर्विसिंग और मरम्मत के लिए खड़ी 25 से अधिक कारें जलकर खाक हो गईं।
आग की चपेट में कई लग्जरी गाड़ियां, करीब 8 ऑटो रिक्शा और पास की एक UPVC विंडो मैन्युफैक्चरिंग यूनिट भी आ गई, जिससे करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
सूचना मिलते ही कर्नाटक फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज की पांच दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, क्योंकि घटना के समय गैराज में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि संपिगेहल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर फॉरेंसिक टीम और SOCO के साथ जांच शुरू कर दी है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गैराज में फायर सेफ्टी नियमों और आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
