नई दिल्ली में E20 (20% एथेनॉल मिश्रित) पेट्रोल को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने केंद्र सरकार के खिलाफ बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। 4 अगस्त को पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च निकाला। उनके साथ हजारों समर्थक और 2.38 लाख से अधिक लोगों के हस्ताक्षर वाले ज्ञापन भी थे, जिनमें E20 पेट्रोल को लेकर उपभोक्ताओं की चिंताओं को सरकार तक पहुंचाने की मांग की गई।
दिल्ली पुलिस ने फ़िरोज़ शाह रोड पर बैरिकेडिंग कर BNSS की धारा 163 के तहत मार्च रोक दिया। इसके बाद अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। बाद में पुलिस ने ज्ञापन को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) तक पहुंचाने की व्यवस्था की, जिसके बाद प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हुआ।
अगले ही दिन, 5 अगस्त को, राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने Rule 267 के तहत नोटिस देकर E20 पेट्रोल पर तत्काल चर्चा की मांग की। उन्होंने कहा कि करोड़ों भारतीयों को उनकी सहमति के बिना E20 ईंधन के “प्रयोग” का हिस्सा बनाया जा रहा है।
उन्होंने रायपुर जिला उपभोक्ता आयोग के उस फैसले का भी हवाला दिया, जिसमें E20 से इंजन खराब होने के मामले में वाहन बदलने का आदेश दिया गया था। साथ ही संसद में दिए गए सरकारी जवाब का उल्लेख करते हुए कहा कि E20 से 2% से 6% तक माइलेज कम होने की बात स्वयं सरकार स्वीकार कर चुकी है।
इसके बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह, मनीष सिसोदिया और आतिशी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने E20 को अनिवार्य बनाने का फैसला वापस नहीं लिया, तो AAP देशभर में जनआंदोलन शुरू करेगी।
पार्टी ने मांग रखी कि हर पेट्रोल पंप पर सामान्य पेट्रोल और E20-दोनों का विकल्प उपलब्ध कराया जाए, ताकि उपभोक्ता अपनी पसंद से ईंधन चुन सकें। साथ ही यह भी कहा गया कि यदि E20 जारी रहता है, तो कम माइलेज को देखते हुए इसकी कीमत भी घटाई जानी चाहिए।
AAP नेताओं ने सरकार से भारतीय उपभोक्ताओं और किसानों के हितों को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि ईंधन नीति पारदर्शी, वैज्ञानिक और जनता की सहमति पर आधारित होनी चाहिए।
