ग्रेटर नोएडा फैक्ट्री अग्निकांड: 500 कर्मचारियों की जान बचाते हुए दो दमकलकर्मी शहीद, बहादुरी को देश का सलाम

ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र में 3 अगस्त की देर रात एक भीषण आग ने इलेक्ट्रॉनिक चिप निर्माण इकाई IL JIN Electronics (India) Pvt. Ltd. को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि समय रहते करीब 500 कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।

हालांकि आग पर काबू पाने के दौरान यह राहत अभियान एक दर्दनाक हादसे में बदल गया। कूलिंग ऑपरेशन के बीच फैक्ट्री की एक भीतरी दीवार और भारी लोहे का बीम अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में ड्यूटी पर तैनात दमकलकर्मी आ गए।

इस हादसे में 32 वर्षीय फायरमैन रोहित यादव और 48 वर्षीय हेड कॉन्स्टेबल/ड्राइवर तीरथपाल सिंह ने अपनी जान गंवा दी। वहीं राजपाल सिंह, मनीष कुमार और अमित कुमार घायल हुए, जिनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। फैक्ट्री का एक कर्मचारी भी मामूली रूप से घायल हुआ, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

कई दमकल गाड़ियों और एसडीआरएफ की टीमों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल फैक्ट्री के प्रभावित हिस्से में उत्पादन रोक दिया गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।


पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञ आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं। यह हादसा एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में फायर सेफ्टी, संरचनात्मक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के मानकों पर गंभीर सवाल खड़े करता है। साथ ही, उन दमकलकर्मियों के साहस को भी याद दिलाता है, जो दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जान की बाज़ी लगा देते हैं।

Author

राहुल गांधी का मोदी सरकार पर बड़ा हमला – छात्रों को माफी नहीं, प्रधानमंत्री से माफ़ी चाहिए

E20 पेट्रोल के खिलाफ AAP का बड़ा मोर्चा: 2.38 लाख हस्ताक्षरों के साथ PM आवास तक मार्च, संसद में भी उठी आवाज़

Leave a Reply