4 अगस्त 2026: 36,000 फीट की ऊंचाई पर Air India फ्लाइट में जबरदस्त झटका, 300 फीट नीचे गिरा विमान, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

36,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 में उस वक्त दहशत फैल गई, जब विमान अचानक भीषण क्लियर-एयर टर्बुलेंस (CAT) की चपेट में आ गया। फुकेत (थाईलैंड) से दिल्ली आ रही Airbus A320neo फ्लाइट कुछ ही सेकंड में करीब 300 फीट नीचे गिर गई, जिससे विमान के अंदर अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री अपनी सीटों से उछलकर छत और ओवरहेड बिन से टकरा गए, जबकि केबिन क्रू भी संतुलन खो बैठा।

फ्लाइट में 137 यात्री (3 शिशुओं सहित) और 8 क्रू सदस्य सवार थे। हादसे में 14 लोग घायल हुए, जिनमें 10 यात्री और 4 केबिन क्रू सदस्य शामिल हैं। घायलों को सिर, गर्दन, कंधे और पीठ में चोटें आईं। एक केबिन क्रू सदस्य को अपेक्षाकृत गंभीर चोट लगी, हालांकि किसी की भी हालत जानलेवा नहीं बताई गई।

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान के उतरने से पहले ही मेडिकल टीमें, एंबुलेंस और व्हीलचेयर तैनात कर दी गई थीं। सुरक्षित लैंडिंग के बाद घायलों को फोर्टिस अस्पताल (वसंत कुंज), इंडियन स्पाइनल इंजरी सेंटर और मेड़ांटा, गुरुग्राम भेजा गया, जहां उनका इलाज और जांच की गई।

घटना के बाद विमान VT-EXO को तत्काल ग्राउंड कर तकनीकी जांच शुरू कर दी गई। DGCA ने फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (FDR) और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती आशंका क्लियर-एयर टर्बुलेंस की है, लेकिन किसी संभावित तकनीकी खराबी की भी जांच की जा रही है। वहीं, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और एयर इंडिया को नियमित स्वास्थ्य अपडेट देने के निर्देश दिए।


Author

जैसलमेर सड़क हादसे में शहीद हुए मेजर हमज़ा आरिफ: सैन्य स्टेशन के पास ऊंट से टकराई SUV, पूरे सैन्य जगत में शोक

राहुल गांधी का मोदी सरकार पर बड़ा हमला – छात्रों को माफी नहीं, प्रधानमंत्री से माफ़ी चाहिए

Leave a Reply