चरखी दादरी में कोर्ट से लौट रहे 7 लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 30 से ज्यादा गोलियां चलीं; गैंगवार का शक

हरियाणा के चरखी दादरी में दिनदहाड़े हुई फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना करीब दोपहर 12 बजे सिटी पुलिस स्टेशन और कोर्ट परिसर से लगभग 200 मीटर दूर तेजली रोड के पास हुई, जहां काले रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो में सवार सात लोगों पर बाइक सवार तीन हथियारबंद हमलावरों ने अचानक हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक हमलावरों ने बेहद नजदीक से करीब 30 राउंड गोलियां चलाईं और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।

फायरिंग में स्कॉर्पियो में मौजूद सभी सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए। घायलों की पहचान अंकित, कीर्तिमान, कृष्णा, सूरज, अंकित, विजय उर्फ सनी और अमित फतेहगढ़ के रूप में हुई है। सभी को पहले चरखी दादरी सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए PGIMS रोहतक रेफर किया गया। कीर्तिमान को बाद में गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल भी भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि सभी लोग एक पुराने आपराधिक मामले की सुनवाई के लिए कोर्ट आए थे और वापस लौट रहे थे। पुलिस को आशंका है कि हमलावरों ने कोर्ट की तारीख और आरोपियों की गतिविधियों की जानकारी के आधार पर घात लगाकर हमला किया। जांच में कसानिया गैंग और दूसरे आपराधिक गिरोहों के बीच पुरानी रंजिश का एंगल भी सामने आया है।

वारदात के बाद सामने आए एक ऑडियो में गैंग से जुड़े होने का दावा करने वाले व्यक्ति ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। हालांकि पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल ऐसे दावों को जांच का अंतिम निष्कर्ष मानने से इनकार किया है।

पुलिस ने हमलावरों की तलाश के लिए पांच SIT और CIA टीमों को लगाया है। CCTV फुटेज खंगाली जा रही है और आसपास के इलाकों में दबिश दी जा रही है। वहीं, पुलिस स्टेशन और कोर्ट के इतने करीब दिनदहाड़े 30 से ज्यादा राउंड फायरिंग के बाद इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।


Author

संसद में हंगामा, स्वास्थ्य व्यवस्था से लेकर छात्र आंदोलन तक विपक्ष-सरकार आमने-सामने

चंबा में दर्दनाक बस हादसा: खाई में गिरने से 7 की मौत, 11 घायल

Leave a Reply