चंबा के चुराह घाटी में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक बस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 यात्री घायल हो गए। हादसा करीब सुबह 7:15 बजे बैरागढ़–तिस्सा मार्ग पर चालुंज मोड़ के पास हुआ, जहां शर्मा ट्रैवलर्स की निजी बस सड़क से फिसलकर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी और नीचे सड़क पर पलट गई। बस बैरागढ़ से करीब 6:30 बजे चंबा के लिए रवाना हुई थी।
मृतकों में बस चालक रूप सिंह और परिचालक तेज सिंह भी शामिल हैं, जबकि घायलों में पांच बच्चे बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों के साथ NDRF, पुलिस, अग्निशमन विभाग और होमगार्ड की टीमों ने राहत-बचाव अभियान चलाया। घायलों को पहले तिस्सा अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
शुरुआती जांच में बारिश से सड़क के बेहद फिसलन भरे होने की बात सामने आई है, वहीं पुलिस ने बस के एक्सल में संभावित तकनीकी खराबी की आशंका से भी इनकार नहीं किया है।
लगातार हो रही बारिश के बीच इस हादसे ने पहाड़ी सड़कों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बैरागढ़–तिस्सा मार्ग के कई हिस्सों में पर्याप्त क्रैश बैरियर, पैरापेट और ड्रेनेज की व्यवस्था नहीं है। पुलिस ने FIR दर्ज कर बस के मलबे की जांच शुरू कर दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हादसे पर दुख जताते हुए घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
