NH-66 पर मौत का मोड़: तेज रफ्तार कार ट्रक में घुसी, 8 युवाओं की दर्दनाक मौत

केरल के त्रिशूर जिले में NH-66 पर शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने आठ परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। कैपमंगलम के पास करीब 11:40 बजे तमिलनाडु से आ रही एक कार निर्माणाधीन डायवर्जन के पास सड़क किनारे खड़े भारी ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह पिचक गई और उसमें सवार आठ लोगों की जान चली गई।

मृतकों में तमिलनाडु के डिंडीगुल स्थित PSNA इंजीनियरिंग कॉलेज के छह छात्र शामिल बताए गए हैं। सभी छात्र केरल घूमने के लिए किराए की कार से निकले थे। हादसे के बाद पुलिस और फायर एंड रेस्क्यू टीम ने गैस कटर की मदद से कार को काटकर शवों को बाहर निकाला। राहत एवं बचाव अभियान में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। कैपमंगलम पुलिस ने उसके खिलाफ BNS की धारा 105 के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने ट्रक मालिक की पहचान कर ली है और आरोपी चालक को पकड़ने के लिए टीमें लगाई गई हैं। मामले की जांच कोडुंगल्लूर के डिप्टी एसपी के नेतृत्व में की जा रही है।

इस हादसे ने NH-66 के निर्माणाधीन हिस्से में सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सड़क के पास कई भारी वाहन खड़े थे और पर्याप्त रिफ्लेक्टर, चेतावनी संकेत व रोशनी की कमी थी। पुलिस अब ड्राइवर के साथ-साथ NHAI और निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार की संभावित लापरवाही की भी जांच कर रही है।

सीसीटीवी फुटेज में कार तेज गति से आती दिखाई देती है, जबकि टक्कर के तुरंत बाद सड़क पर धूल का बड़ा गुबार उठता नजर आता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस हिस्से में भारी वाहनों की रात में पार्किंग पहले भी खतरा बनती रही है। अब जांच का फोकस यही है कि आखिर इस दर्दनाक हादसे को रोकने के लिए जरूरी सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं किए गए।

Author

18 साल की जिया राय ने रचा इतिहास, Triple Crown पूरा करने वाली बनीं पहली महिला पैरा-स्वीमर

‘खोपड़ी फोड़ने’ के दावे से गरमाई CJP की राजनीति, नाबालिग प्रदर्शनकारी की अपील के बाद गिरफ्तार हुआ स्वतंत्र भारद्वाज

Leave a Reply