बिहार की लोकगायिका और BJP विधायक मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर जमीन विवाद को लेकर चर्चा में हैं। दरभंगा जिले की पोखरभिंडा पंचायत के ग्रामीणों ने उन पर सरकारी रास्ते, सार्वजनिक जमीन, नालों और निजी भूखंडों पर अतिक्रमण करने के आरोप लगाए हैं। शिकायतों में गांव के धार्मिक स्थलों और सामुदायिक जमीन के आसपास कब्जे का मामला भी उठाया गया है।
ग्रामीणों का दावा है कि रास्ते पर दीवार और निर्माण कार्य होने से किसानों की आवाजाही प्रभावित हुई। कुछ स्थानीय लोगों ने अपनी निजी जमीन पर कब्जे और विरोध करने पर धमकियां मिलने के आरोप भी लगाए हैं। शिकायतों के बाद अंचल अधिकारी आलोक कुमार, DCLR अजय कुमार और राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जमीन की मापी की। प्रशासनिक जांच में सरकारी रास्ते के एक हिस्से पर अतिक्रमण की पुष्टि हुई, जिसके बाद वहां बने कुछ निर्माण हटाए गए। निजी जमीन से जुड़े विवादों की जांच अभी जारी है
विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए मैथिली ठाकुर ने आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि उनके परिवार पर लगाए जा रहे आरोपों का कोई आधार नहीं है और शिकायतकर्ताओं को सबूत संबंधित अधिकारियों के सामने रखने चाहिए। उनके पिता रमेश ठाकुर ने भी जमीन कानूनी तरीके से खरीदने की बात कही है।
इस मामले पर RJD नेताओं ने निष्पक्ष जांच की मांग की है, जबकि मैथिली के समर्थकों का कहना है कि उनके परिवार को राजनीतिक कारणों से निशाना बनाया जा रहा है। फिलहाल सरकारी रास्ते से जुड़े अतिक्रमण पर प्रशासन कार्रवाई कर चुका है, लेकिन निजी जमीन को लेकर उठे आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही सामने आएगा।
