रक्षाबंधन के मौके पर शेयर बाजार में भी हरियाली छाई रही। खुदरा निवेशकों की मजबूत भागीदारी और रिलायंस इंडस्ट्रीज व आईटीसी जैसी ब्लू-चिप कंपनियों में खरीदारी के चलते सोमवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी में उछाल देखा गया। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 287.56 अंक की बढ़त के साथ 80,724.40 पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 97.65 अंक चढ़कर 24,638.80 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में एनटीपीसी, टाइटन, टाटा स्टील, आईटीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फाइनेंस और जेएसडब्ल्यू स्टील सबसे ज्यादा मुनाफे में रहीं। वहीं, महिंद्रा एंड महिंद्रा, नेस्ले, टाटा मोटर्स और भारती एयरटेल के शेयरों में गिरावट आई।
एशियाई बाजारों में शंघाई और हांगकांग में तेजी देखी गई, जबकि सियोल और टोक्यो में गिरावट रही। शुक्रवार को घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने ₹2,606.18 करोड़ के शेयर खरीदे। सोमवार को रुपया डॉलर के मुकाबले 11 पैसे की मजबूती के साथ ₹83.84 पर पहुंच गया।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार ने कहा, “बाजार में DIIs और खुदरा निवेशकों का प्रभुत्व इस तेजी का प्रमुख कारण है।”
वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.19% गिरकर $79.53 प्रति बैरल पर आ गया। शुक्रवार को बीएसई सेंसेक्स 1,330.96 अंक या 1.68% की बढ़त के साथ 80,436.84 पर बंद हुआ, जो दो महीने में एक दिन की सबसे बड़ी बढ़त थी। एनएसई निफ्टी भी 397.40 अंक या 1.65% बढ़कर 24,541.15 पर पहुंच गया, जो दो सप्ताह का उच्च स्तर था।
