महाराष्ट्र के बदलापुर में एक 4 साल की बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न की घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। इस जघन्य अपराध के आरोपी अक्षय शिंदे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी, जो एक स्कूल में सफाईकर्मी के तौर पर काम करता था, पर बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है।
घटना के बाद पूरे शहर में गुस्से की लहर दौड़ गई और हजारों लोग रेलवे ट्रैक पर उतर आए, जिससे रेलवे सेवा भी बाधित हुई। स्थानीय लोग और प्रदर्शनकारी आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इस घटना के बाद, स्कूल के प्रिंसिपल और क्लास टीचर को भी पद से हटा दिया गया है।
प्रदर्शनकारियों ने स्कूल प्रशासन पर भी सवाल उठाए हैं, जिसके चलते पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में तैनात किया गया है। राज्य सरकार ने मामले की उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं और पीड़िता को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।
बदलापुर में इस घटना ने बच्चों की सुरक्षा के मुद्दे पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और समाज में इस प्रकार की घटनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने की जरूरत को फिर से उजागर किया है
