‘Generation Gutter’ टिप्पणी पर घिरीं कंगना रनौत: छात्र आंदोलन पर बयान से बढ़ा विवाद, सोशल मीडिया पर पुराना वीडियो हुआ वायरल

जंतर-मंतर पर पेपर लीक के खिलाफ हुए छात्र आंदोलन को लेकर भाजपा सांसद कंगना रनौत की टिप्पणियों ने नया राजनीतिक और सामाजिक विवाद खड़ा कर दिया है। इंस्टाग्राम पोस्ट में उन्होंने प्रदर्शन में शामिल युवाओं, खासकर छात्राओं, को लेकर “Generation Gutter” और “Gutter Chaap” जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कुछ प्रदर्शनकारियों के रहन-सहन और व्यवहार पर भी तीखी टिप्पणी की, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनके बयान को लेकर व्यापक प्रतिक्रिया देखने को मिली।

इन बयानों पर Cockroach Janta Party (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज़ उठाने वाले छात्रों के लिए इस तरह की भाषा किसी जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देती। उनका कहना था कि संवैधानिक पद पर बैठे लोगों को अपने शब्दों का चयन जिम्मेदारी और मर्यादा के साथ करना चाहिए। इसके जवाब में कंगना रनौत ने भी सौरव दास पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए उन्हें “बेरोजगार” और “बेकार” बताया तथा अपनी उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए पलटवार किया।विवाद यहीं नहीं थमा।

सोशल मीडिया पर कई यूज़र्स ने कंगना रनौत का एक पुराना वीडियो दोबारा साझा करना शुरू कर दिया, जिसमें उन्होंने अपने किशोरावस्था के संघर्षों और नशे की लत में फंसने की बात कही थी। इस वीडियो के वायरल होने के बाद कई लोगों ने उनके हालिया बयानों को लेकर दोहरे मापदंड (Hypocrisy) का आरोप लगाया और सवाल उठाए कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के लिए इस तरह की भाषा क्यों इस्तेमाल की गई।

इस पूरे घटनाक्रम ने छात्र आंदोलन, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा को लेकर नई बहस छेड़ दी है। जहां एक ओर कंगना रनौत के बयान पर तीखी आलोचना हो रही है, वहीं दूसरी ओर उनके समर्थक इसे उनकी व्यक्तिगत राय बता रहे हैं। फिलहाल यह मुद्दा सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चा का विषय बना हुआ है।

Author

सरकार पर दबाव या वादाखिलाफी? अभिजीत दीपके ने लगाए बड़े आरोप, CJP ने दी आंदोलन दोबारा शुरू करने की चेतावनी

झारखंड में भर्ती परीक्षाओं पर बवाल: JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का अनिश्चितकालीन आंदोलन, CBI जांच और परीक्षा रद्द करने की मांग तेज

Leave a Reply