भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर शक्तिकांत दास को अमेरिका स्थित ग्लोबल फाइनेंस पत्रिका ने लगातार दूसरे वर्ष वैश्विक स्तर पर शीर्ष केंद्रीय बैंकर (सेंट्रल बैंकर) का दर्जा दिया है। उन्हें तीन केंद्रीय बैंक गवर्नरों की सूची में सबसे ऊपर रखा गया है, जिन्हें ‘ए+’ रेटिंग दी गई है।
ग्लोबल फाइनेंस पत्रिका के अनुसार, केंद्रीय बैंकरों को मुद्रास्फीति नियंत्रण, आर्थिक विकास लक्ष्यों की प्राप्ति, मुद्रा स्थिरता और ब्याज दर प्रबंधन में उनकी सफलता के आधार पर ‘ए’ से ‘एफ’ तक के पैमाने पर ग्रेड दिए जाते हैं। ‘ए’ ग्रेड उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया जाता है, जबकि ‘एफ’ पूरी विफलता के लिए।
आरबीआई ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “यह घोषणा करते हुए हमें खुशी हो रही है कि लगातार दूसरे वर्ष, आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास को ग्लोबल फाइनेंस सेंट्रल बैंकर रिपोर्ट कार्ड्स 2024 में ‘ए+’ रेटिंग दी गई है।” दास के साथ, डेनमार्क के क्रिश्चियन केटल थॉमसन और स्विट्जरलैंड के थॉमस जॉर्डन को भी ‘ए+’ श्रेणी में स्थान दिया गया है।
ग्लोबल फाइनेंस की वार्षिक सेंट्रल बैंकर रिपोर्ट कार्ड उन बैंकर्स को सम्मानित करती है, जिनकी रणनीतियों ने मौलिकता, रचनात्मकता और दृढ़ता के माध्यम से उनके साथियों को पीछे छोड़ दिया है। इन बैंकरों ने उच्च ब्याज दरों का इस्तेमाल कर मुद्रास्फीति को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिससे दुनिया भर में महंगाई दर में उल्लेखनीय कमी आई है।
ग्लोबल फाइनेंस द्वारा 1994 से हर साल प्रकाशित सेंट्रल बैंकर रिपोर्ट कार्ड में लगभग 100 देशों, क्षेत्रों और जिलों के केंद्रीय बैंक गवर्नरों को ग्रेड दिए जाते हैं, जिसमें यूरोपीय संघ, पूर्वी कैरिबियन सेंट्रल बैंक, बैंक ऑफ सेंट्रल अफ्रीकन स्टेट्स और सेंट्रल बैंक ऑफ वेस्ट अफ्रीकन स्टेट्स शामिल हैं।
