तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में मंगलवार सुबह एक निजी मेटल स्मेल्टिंग फैक्ट्री में बॉयलर फटने से बड़ा हादसा हो गया। गुम्मिडीपूंडी स्थित SIPCOT इंडस्ट्रियल कॉम्प्लेक्स में हुए इस विस्फोट में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि सात अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 10:30 से 11 बजे के बीच हुआ, जब फैक्ट्री में धातु गलाने का काम चल रहा था।
शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि बॉयलर के अंदर अत्यधिक तापमान और दबाव बढ़ने के कारण विस्फोट हुआ। धमाके के बाद गर्म पिघला हुआ धातु आसपास काम कर रहे मजदूरों पर गिर गया और फैक्ट्री परिसर में आग फैल गई।
हादसे में बिहार निवासी 24 वर्षीय रवि रंजन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भूषण कुमार, ओम कुमार, रंजीत कुमार, राजा बाबू, रणवीर कुमार, फ्रेंड्स कुमार और मध्य प्रदेश के सिंबर सिंह समेत सात मजदूर घायल हुए हैं। कुछ घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए चेन्नई क्षेत्र के अस्पतालों में रेफर किया गया है।
घटना के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस और बचाव दल ने फैक्ट्री परिसर में तलाशी अभियान चलाया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अन्य व्यक्ति मलबे में फंसा न हो।
पुलिस ने फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ कथित लापरवाही और सुरक्षा मानकों की जांच के तहत मामला दर्ज किया है। औद्योगिक सुरक्षा विभाग की टीम बॉयलर के रखरखाव रिकॉर्ड और सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर रही है।
