₹25 लाख की शादी, सरकारी नौकरी और फिर मौत: दिल्ली में महिला अफसर की मौत पर उठे गंभीर सवाल

दिल्ली के द्वारका में 30 वर्षीय नाज़िया खानम, जो रक्षा मंत्रालय में Assistant Section Officer थीं, 21 अगस्त को अपने किराए के घर में मृत मिलीं। वह तीन महीने की गर्भवती थीं।

नाज़िया का सफर बेहद संघर्षपूर्ण था। बिहार के एक छोटे गांव से निकलकर उन्होंने SSC CGL पास किया, पहले Income Tax Department में नौकरी हासिल की और बाद में दोबारा परीक्षा पास कर Ministry of Defence में ASO बनीं। परिवार के मुताबिक वह BPSC की तैयारी भी कर रही थीं और दिल्ली में अपना घर खरीदने का सपना देख रही थीं।

नाज़िया की शादी 11 अप्रैल 2026 को मोहम्मद आज़म अली खान से हुई थी। परिवार का दावा है कि शादी में ₹25 लाख से ज्यादा खर्च किए गए, लेकिन इसके बावजूद शादी के समय और बाद में महंगे सामान और पैसों की मांग की गई।

परिजनों ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। परिवार के अनुसार, नाज़िया की सरकारी नौकरी और कमाई को लेकर भी उन्हें ताने दिए जाते थे। 21 अगस्त को दोनों गर्भावस्था की जांच के लिए क्लिनिक गए थे। घर लौटने के बाद विवाद हुआ।

पुलिस को दिए पति के कथित बयान के मुताबिक, नाज़िया ने उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया और दूसरे कमरे में जाकर दुपट्टे से फांसी लगा ली। परिवार ने इस कहानी पर सवाल उठाते हुए हत्या या आत्महत्या के लिए मजबूर किए जाने की आशंका जताई है।

द्वारका सेक्टर-23 पुलिस ने परिवार की शिकायत के आधार पर BNS की धारा 85 और 108 के तहत मामला दर्ज किया है। परिवार ने धारा 80 यानी दहेज मृत्यु जोड़ने और CBI जांच की मांग की है।पुलिस के मुताबिक पति घटना के बाद से फरार है और उसकी तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं। मामले में फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों की भी जांच चल रही है।

एक होनहार बेटी, सरकारी अधिकारी और मां बनने का इंतजार कर रही महिला की मौत ने फिर वही सवाल खड़ा किया है-दहेज और घरेलू हिंसा के खिलाफ कानून होने के बावजूद महिलाएं आखिर कितनी सुरक्षित हैं?

Author

खवड्या डोंगर हादसा: iPhone विवाद नहीं, पारिवारिक तनाव की गहरी कहानी

लड़की किसकी है? राहुल गांधी का जवाब-किसी की नहीं, खुद की!

Leave a Reply