चंडीगढ़, 24 मार्च:
आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने रविवार को चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब में नशे के खिलाफ छेड़ा गया युद्ध सिर्फ सरकारी पहल नहीं, बल्कि एक मिशन है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में आप सरकार ने महज़ एक महीने में वो कर दिखाया जो पिछली सरकारें बीस सालों में नहीं कर सकीं।
सिसोदिया ने कहा, “नशे के खिलाफ जो अभियान पिछले एक महीने में चलाया गया है, वो ऐतिहासिक है। यह अरविंद केजरीवाल जी के विज़न और भगवंत मान जी की निर्णायक नेतृत्व क्षमता का नतीजा है कि आज पंजाब बदलाव की राह पर है।”
उन्होंने अरविंद केजरीवाल का धन्यवाद करते हुए कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसे वो पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त पंजाब बनाने का मिशन आम आदमी पार्टी के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है और यह सिर्फ एक राजनीतिक एजेंडा नहीं, बल्कि एक जन-आंदोलन बन चुका है।
हर गांव तक पहुंचेगा नशा विरोधी अभियान
मनीष सिसोदिया ने कहा कि सरकार और संगठन मिलकर पंजाब के हर गांव को नशे से मुक्त बनाएंगे। “हम पंजाब के हर कोने में जाएंगे, युवाओं को जागरूक करेंगे, और नशे के खिलाफ एकजुट लड़ाई लड़ेंगे,” उन्होंने कहा। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि इस लड़ाई में कोई ढील नहीं दी जाएगी और प्रशासनिक मशीनरी पूरी ताक़त से जुटी रहेगी।
तीन साल में साफ की बीस साल की गंदगी
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों ने पंजाब को भ्रष्टाचार, जर्जर शिक्षा प्रणाली और चरमराते स्वास्थ्य ढांचे के हवाले छोड़ दिया था। “लेकिन मान सरकार ने बीस साल की गंदगी को सिर्फ तीन साल में साफ कर दिया है। आज पंजाब तेज़ी से आगे बढ़ रहा है – शिक्षा, स्वास्थ्य और रोज़गार के क्षेत्र में बदलाव ज़मीन पर नज़र आने लगा है,” सिसोदिया ने कहा।
विकास की रफ़्तार, जवाबदेह सरकार
सिसोदिया ने कहा कि आप सरकार ने अपने चुनावी वादों को पूरा करने में तेज़ी दिखाई है। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के सिद्धांतों पर काम कर रही है। पंजाब की जनता सुशासन की हकदार है और हम उन्हें वह देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि सरकार का फोकस सिर्फ नशा मुक्ति पर नहीं, बल्कि साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, रोज़गार और बुनियादी ढांचे के सुधार पर भी है।
