महाराष्ट्र के ठाणे जिले के डोंबिवली में एक नगर निगम अस्पताल में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ पर कथित हमले का मामला सामने आने के बाद पूरे राज्य में आक्रोश फैल गया है। घटना शास्त्री नगर अस्पताल की बताई जा रही है, जहां एक नवजात शिशु के इलाज को लेकर विवाद हिंसक रूप ले लिया।
जानकारी के अनुसार, एक गर्भवती महिला की इमरजेंसी सी-सेक्शन डिलीवरी के बाद डॉक्टरों ने पाया कि नवजात के गले में गर्भनाल दो बार लिपटी हुई थी, जिसके कारण बच्चे को तुरंत विशेष नवजात देखभाल (NICU) की जरूरत थी। अस्पताल में NICU बेड उपलब्ध नहीं होने के कारण ड्यूटी पर मौजूद स्त्री रोग विशेषज्ञों Dr. Vaibhav Salunkhe और Dr. Srushti Baviskar ने बच्चे को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट करने की सलाह दी।आरोप है कि इस बात से नाराज होकर शिवसेना नेता Ramesh Mhatre समर्थकों के साथ अस्पताल पहुंचे और मेडिकल स्टाफ के साथ मारपीट की।
घटना के सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला और तूल पकड़ गया। डॉक्टरों और नर्सों के साथ कथित दुर्व्यवहार और धमकी के आरोपों ने चिकित्सा जगत में नाराजगी बढ़ा दी।घटना के विरोध में महाराष्ट्र के कई हिस्सों में डॉक्टरों ने ओपीडी और गैर-आपातकालीन सेवाएं बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर रमेश म्हात्रे और उनके कुछ साथियों को गिरफ्तार किया।
बाद में म्हात्रे को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अस्पताल में भर्ती कराया गया।मामले के बाद राजनीतिक स्तर पर भी प्रतिक्रिया सामने आई।
Shrikant Shinde ने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों का समर्थन नहीं किया जाएगा और पार्टी स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल डॉक्टरों की सुरक्षा और अस्पतालों में मजबूत सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने कदम उठाने का आश्वासन दिया है।
